जिला रामगढ़ रिपोर्ट तपन बनर्जी
कोरोनावायरस संक्रमण से बचाव एवं इसके रोकथाम हेतु पूरे देश को लॉक डाउन किया गया है। इस अवधि के दौरान जिला प्रशासन, रामगढ़ द्वारा सभी को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हाल ही में राज्य स्तर पर शुरू हुए मुख्यमंत्री दीदी किचन के तहत गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में रामगढ़ जिले में भी मुख्यमंत्री दीदी किचन की शुरुआत की गई है। जिले में मुख्यमंत्री दीदी किचन का संचालन पूर्ण रूप से जेएसएलपीएस की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। इस कार्य मे जिला प्रशासन द्वारा उन्हें सभी तरह की संभव मदद दी जा रही है। पूरे जिले के लगभग 118 पंचायतों में 122 मुख्यमंत्री दीदी किचन का शुभारंभ किया गया है। जिसके माध्यम से शनिवार को 3296 गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया। गौरतलब हो कि जिला प्रशासन द्वारा पूरे जिले में कुल 160 केंद्रों के माध्यम से जिले के सुदूर गांवों में रह रहे हर जरूरतमंद एवं गरीब व्यक्ति तक भोजन पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment