रिपोर्ट आरकांत/तपन झारखंड
- कुल 46 पत्रकारों ने लिया स्क्रीनिंग व स्वास्थ्य जांच कैंप में हिस्सा।
- मीडिया प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया गया दवा, मास्क एवं ग्लव्स।
- कोविड-19 के विरुद्ध इस लड़ाई में आप सभी मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय।
कोरोना वायरस से बचाव एवं इसके रोकथाम हेतु पूरे देश में लॉक डाउन की अवधि को 17 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। लॉक डाउन के दौरान पत्रकारों द्वारा समाचार संग्रहण करने हेतु लगातार किए जा रहे क्षेत्र भ्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन, रामगढ़ द्वारा आज रामगढ़ के श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में मीडिया प्रतिनिधियों के लिए कोविड-19 स्क्रीनिंग व स्वास्थ्य जांच कैंप का आयोजन किया गया। स्क्रीनिंग व स्वास्थ्य जांच हेतु प्रशासन द्वारा कुल चार टीमों का गठन किया गया था। जिनके द्वारा बारी-बारी से कैंप में आए कुल 46 पत्रकारों की स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच की गई। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री कीर्तिश्री जी भी पहुंची एवं हो रहे स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में आम लोगों तक सूचनाएं पहुंचाने में आप सभी का कार्य सराहनीय है, लेकिन इसके साथ ही संक्रमण का खतरा बना रहता है। इसलिए जिला प्रशासन द्वारा आज कैंप का आयोजन किया गया है जिसके माध्यम से आप सभी आश्वस्त हो सके कि आपको किसी प्रकार कि कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं है। स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच के दौरान आज चिकित्सकों द्वारा सभी मीडिया कर्मियों को कोविड-19 से बचने के उपाय जैसे सोशल डिस्टेंसिंग, नियमित अंतराल पर हाथ धोना, चेहरे को हमेशा ढक कर रखने आदि जैसे विषयों पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इसके साथ ही सभी मीडिया कर्मियों को उनके मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराते हुए इस संबंध में भी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कैंप के दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनी रेजिना इंदवार ने मीडिया प्रतिनिधियों से बात करते हुए उन्हें सुदूरवर्ती क्षेत्रों में समाचार संग्रहण के दौरान सावधानियां बरतने एवं संवेदनशील इलाकों में जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों से की गई बैरिकेडिंग को पार ना करने की अपील की। स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच के दौरान आज सभी मीडिया कर्मियों को जिला प्रशासन द्वारा मास्क, ग्लव्स, दवाई एवं रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया।नगर परिषद की टीम द्वारा आज स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच कैम्प शुरू होने के पूर्व एवं कैम्प समाप्त होने के बाद पूरे जांच परिसर को सैनिटाइज किया गया। स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम के दौरान आज सिविल सर्जन नीलम चौधरी, डॉ एस पी सिंह, आईएमए अध्यक्ष डॉ शंकर प्रसाद सिंह, डॉ के एन प्रसाद, डॉ उदय श्रीवास्तव, डॉ मृत्युंजय, डॉ स्वराज, डॉक्टर चंदन, डीपीएम देवेंद्र श्रीवास्तव, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी शशांक शेखर मिश्रा, जनसंपर्क विभाग से नीतीश कुमार पासवान सहित अन्य उपस्थित थे।


No comments:
Post a Comment