रिपोर्ट आरकांत/तपन झारखंड
कोरोना वायरस कोविड-19 से बचाव एवं इसके रोकथाम हेतु पूरे देश को लॉक डाउन किया है। जिला प्रशासन, रामगढ़ द्वारा कोविड-19 को रोकने हेतु सभी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। बुधवार को उपायुक्त संदीप सिंह ने जिले के प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर कोरोना के विरुद्ध हो रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने एमएचए द्वारा जारी किए गए गाइडलाइन के बाद देश के अलग-अलग राज्यों में फंसे रामगढ़ के प्रवासी मजदूरों/ नागरिकों के वापस लौटने को देखते हुए रामगढ़ जिला कि सीमा में प्रवेश करने हेतु बनाए गए सभी चेक नाकों पर 24x7 एक्टिव रहने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने जिले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी इकट्ठा करते हुए आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला प्रशासन द्वारा कोविड-19 हेतु क्वॉरेंटाइन सेंटर के रूप में चिन्हित की गई इमारतों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी क्वॉरेंटाइन सेंटर्स पर अनिवार्य रूप से पर्याप्त मात्रा में मास्क, सैनिटाइजर सहित अन्य जरूरी सामान अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने का निर्देश दिया इसके साथ ही उन्होंने सभी सेंटरों पर साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने एवं नियमित अन्तराल पर पूरे सेन्टर को सैनिटाइज करने का निर्देश दिया । बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि बड़ी संख्या में देश के अलग-अलग राज्यों से लोगों के वापस आने के बाद संक्रमण के खतरे को देखते हुए वापस आने वाले सभी व्यक्तियों को आरोग्य सेतु एप से जोड़ा जाए। इसके लिए जिनके पास स्मार्टफोन है उनके स्मार्टफोन फोन पर आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करा कर एवं जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है उन्हें दूरभाष संख्या 1921 पर फोन कर आरोग्य सेतु एप से जुड़ने के संबंध में जानकारी दी जाए। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त संजय सिन्हा, अपर समाहर्ता जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी कीर्तिश्री सहित जिले के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment