रिपोर्ट आरकांत/तपन झारखंड
रामगढ़ 25 मई : कोरोना वायरस के प्रसार की रोकथाम के मद्देनजर लागू देशव्यापी लॉकडाउन के बीच देश के प्रमुख उत्सव में शुमार ईद का त्यौहार इस वर्ष बेहद सादगी से मनाया गया। देशभर में सोमवार को ईद का पर्व मनाया जा रहा है। रामगढ़ शहर के गोलपार मोहल्ला के रहने वाले समाजसेवी आरिफ कुरैशी ने कहा कि "ईद का त्यौहार है और इस दिन दोस्तों और पड़ोसियों से गले मिला जाता है लेकिन अब कोरोना वायरस के कारण हाथ तक नहीं मिला सकते" लॉकडाउन की पाबंदियां और महामारी के डर से लोग एक दूसरे से दूरी बना रहे हैं। लोग सोशल डिस्टेंसिंग का कायदे से पालन कर रहे हैं। हर साल की तरह इस बार ईद में वैसी रौनक देखने को नहीं मिल रही है जैसा कि हर साल ईद के मौके पर देखने को मिलता है। महामारी के कारण शहर की सभी मस्जिदें बंद हैं। अलविदा जुमा (रमज़ान का आखिरी शुक्रवार) की नमाज़ भी लोगों ने घरों में ही रहकर अदा की। इसी तरह ईद की नमाज़ भी मस्जिद और ईदगाह में जमात के साथ पढ़ने के बजाय लोगों ने अपने घरों में ही रहकर ईद की नमाज़ के बदले शुक्राने की नमाज़ अदा करते हुए अल्लाह से दुआ की कोरोनावायरस जैसी लाइलाज बीमारी का दुनिया से खात्मा हो और हमारा मुल्क तरक्की करें। गोलपार जामा मस्जिद के इमाम मौलाना कलीमुद्दीन रिज़्वी ने कहा - कोरोना वायरस महामारी के मद्देनज़र रमज़ान के दौरान भी हमारी तरफ से लोगों को अपने घरों में रहने की अपील की गई। लोगों को मस्जिद जाने के बजाय घरों में ही रहकर ईद की नमाज़ के बदले शुक्राने की नमाज़ अदा करने को कहा गया। मुस्लिम समाज के सभी लोगों ने इस पर संजीदगी से अमल करते हुए अपने घरों में ही नमाज़ें अदा की। लॉकडाउन के चौथे चरण में दुकानें खोले जाने की छूट मिलने के बावजूद ईद पर दिखाई देने वाली चहल पहल और रौनक इस बार ग़ायब है। मस्जिदों के आसपास का इलाका रमज़ान के महीने में इफ्तार के समय गुलज़ार रहता था। लेकिन इस बार ज़रूरत के सामान की कुछ ही दुकान खुलीं। गोलपार अंजुमन के सदर आज़ाद कुरैशी ने कहा कि ईद के मौके पर नए कपड़े खरीदने के साथ ही विभिन्न व्यंजन बनाए जाते हैं। लेकिन पिछले दो महीने से दुकानें बंद हैं। कोरोना वायरस और लॉकडाउन के कारण त्यौहार मनाने के लिए लोगों में उत्साह नहीं है और धंधा पूरी तरह बंद हो जाने के कारण लोगों के पास पैसे की भी कमी है। गोलपार सदर आज़ाद कुरैशी ने कहा कि हमलोगों ने घरों में ही नमाज़ अदा की तथा नमाज़ के बाद लाइलाज बीमारी कोरोना वायरस की पूरे मुल्क से ख़ात्मे और पुरे मुल्क में अमन चैन हमेशा बनी रहे इसके लिए सभी लोगों ने अल्लाह की बारगाह में दुआऐं की।

No comments:
Post a Comment